मंडी। हिमाचल प्रदेश में बच्चयों, युवतियों और महिलाओं के साथ हो रहे यौन उत्पीड़न के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है। यहां पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

प्रेग्नेंसी टेस्ट आया पॉजिटिव

पीड़िता दसवीं कक्षा में पढ़ती है और करीब एक साल से सुंदरनगर में रह रही है। 13 अगस्त की सुबह अचानक तबीयत खराब होने पर उसे सिविल अस्पताल सुंदरनगर ले जाया गया। वहां जांच के दौरान उसका प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद अस्पताल की ओर से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और पुलिस ने बच्ची के बयान दर्ज किए।

यह भी पढ़ें :  इकलौते बेटे की बारात निकलने से पहले पिता ने तोड़ा दम, मातम में बदली शादी की खुशियां

छुट्टियों के दौरान मां के साथ चंडीगढ़ गई थी छात्रा

पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने बताया कि स्कूल की छुट्टियों के दौरान वह अपनी मां के साथ सुंदरनगर से चंडीगढ़ गई थी। दोनों बलौंगी, सेक्टर-118, चंडीगढ़ में स्थित एक क्वार्टर में ठहरी थीं। छात्रा के अनुसार, इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

किसी को बताने पर दी धमकी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे धमकी भी दी गई थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

 

घटना पंजाब में होने के कारण दर्ज हुई जीरो FIR

पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर कथित घटना हुई, वह बलौंगी, SAS नगर, पंजाब के क्षेत्राधिकार में आता है। इसी वजह से सुंदरनगर पुलिस ने नियमानुसार जीरो FIR दर्ज की है और मामले को संबंधित पुलिस थाना बलौंगी को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आगे की जांच बलौंगी पुलिस करेगी

DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई अब संबंधित पुलिस थाना बलौंगी द्वारा की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जांच के आधार पर सामने लाया जाएगा।