कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ हादसों का सिलसिला भी लगातार सामने आ रहा है। कुल्लू जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में पार्वती नदी और मनालसू नाले से दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। एक मामला मणिकर्ण घाटी का है, जबकि दूसरा पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मनालसू नाले में मिला दर्जी
पहली घटना मनाली के ओल्ड मनाली के समीप बहने वाले मनालसू नाले की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नाले के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस इन एक्शन मोड : सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैलाने वालों को होगी जेल
जांच के दौरान मृतक की पहचान मौसम दरनाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से नेपाल के झापा जिले के शिंगशार गांव का रहने वाला था। वह ओल्ड मनाली में सिलाई का काम करके अपना जीवनयापन कर रहा था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह नाले तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
23 जुलाई से लापता था देवेंद्र
दूसरी घटना मणिकर्ण घाटी की पार्वती नदी में सामने आई है। यहां पुलिस ने 25 वर्षीय देवेंद्र कुमार का शव बरामद किया है। देवेंद्र मणिकर्ण क्षेत्र के शांगणा गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र 23 जुलाई से लापता था।
यह भी पढ़ें- सावधान हिमाचल! अगले 48 घंटे भारी, दो जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; नदी-नालों से रहें दूर
उसके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच पार्वती नदी में उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज कर घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
संबंधित परिजनों के बयान दर्ज
एसपी कुल्लू ने दोनों घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों में जांच जारी है और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने संबंधित परिजनों के बयान दर्ज कर मामलों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस इन एक्शन मोड : सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैलाने वालों को होगी जेल
मानसून के दौरान कुल्लू की नदियां और पहाड़ी नाले बेहद खतरनाक रूप ले लेते हैं। अचानक जलस्तर बढ़ने, तेज बहाव और पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बारिश के कारण कुछ ही समय में परिस्थितियां बदल सकती हैं। कुल्लू पुलिस ने लोगों और पर्यटकों से नदी, नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। खासकर बारिश के दौरान पानी के किनारे खड़े होने, फोटो खींचने या जोखिम उठाने से बचने की सलाह दी गई है।
