कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। अब पुलिस सिर्फ नशा तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से जुटाई गई संपत्तियों पर भी सीधा शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की कमाई से बनाई गई लाखों रुपये की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। 

3 किलो चरस बरामद  

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के सूरजपुर से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने राम पाल के घर पर नवंबर 2025 में पुलिस ने दबिश दी थी। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई थी। पुलिस टीम को मौके से 3 किलो 628 ग्राम चरस के साथ नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी मिले थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: मानूसन से पहले तबाही का मंजर, बादल फटने से मचा हाहाकर

नशे की कमाई से खरीदी थी संपत्तियां

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों और बैंक खातों की गहन जांच की। वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ने नशे के अवैध कारोबार से कमाए पैसों से अलग-अलग संपत्तियां बनाई थीं। इनमें बैंक खातों में जमा रकम, निर्माणाधीन मकान, वाहन और अन्य संपत्तियां शामिल थीं।

50 लाख से ज्यादा संपत्ति सीज 

जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी की कुल 50,16,403 रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि अवैध कमाई करने वालों पर लगाम लगाई जा सके।

यह भी पढ़ें- HRTC कर्मियों की हड़ताल पर सुक्खू सरकार का एक्शन- लगाया एस्मा, नई भर्तियों का ऐलान

बैंक बैलेंस से लेकर वाहन तक किए गए फ्रीज

फ्रीज की गई संपत्तियों में बैंक खातों में जमा करीब 26.38 लाख रुपये, निर्माणाधीन मकान की कीमत करीब 12.46 लाख रुपये, एक कार जिसकी कीमत लगभग 9.28 लाख रुपये है और टीवीएस जुपिटर स्कूटी जिसकी कीमत करीब 1.15 लाख रुपये शामिल है। इसके अलावा अन्य राशि और संपत्तियों को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है।

NDPS एक्ट के तहत पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस ने बताया कि आरोपी राम पाल पहले भी NDPS  एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए सभी संबंधित दस्तावेज सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को भेज दिए गए हैं।