कांगड़ा। स्वतंत्रता दिवस से पहले हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच कांगड़ा जिले के केंद्रीय विद्यालय योल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
15 अगस्त से पहले हिमाचल में हड़कंप
स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे विद्यालय परिसर की गहन तलाशी ली गई, हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में प्रचंड रूप दिखाएगा मानसून- अगले 5 दिन नहीं थमेगी बारिश, हाई अलर्ट पर कई जिले
ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी साइबर टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस हर तकनीकी पहलू की जांच कर रही है।
15 अगस्त से पहले हाई अलर्ट पर पुलिस
SSP कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह की धमकी भरी सूचनाएं या शरारती हरकतें सामने आती रहती हैं। हालांकि पुलिस किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही है। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सभी पुलिस थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
यह भी पढ़ें- पावर की धौंस! HP पुलिस की 2 महिला कांस्टेबल ने SP पर जड़े आरोप, कॉल ट्रैक भी....
होटल, होम-स्टे और प्रवासियों पर विशेष नजर
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए कांगड़ा जिले के सभी होटल, होम-स्टे और गेस्ट हाउस संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सभी आने वाले मेहमानों का वैध पहचान पत्र लेना और उनका रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा बाहर से आकर काम करने वाले मजदूरों, प्रवासियों, रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों और अन्य लोगों का पुलिस सत्यापन भी तेज कर दिया गया है। पुलिस ने ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां कार्यरत बाहरी मजदूरों का पूरा विवरण संबंधित पुलिस थाने में 15 अगस्त से पहले जमा करवाएं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली दौरे पर CM सुक्खू, नए मंत्री के नाम पर लगेगी मुहर- कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज
जिलेभर में बढ़ाई गई निगरानी
सुरक्षा के मद्देनजर जिले के विभिन्न प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी बढ़ा दी गई है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।
