बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रहा है और तस्करों की कमर तोड़ने में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में ताजा मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चरस के साथ तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जांच के लिए रोकी कार 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के बलोह फोरलेन सड़क पर मल्यावर लिंक रोड का है। यहां पर पुलिस बीते कल नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक अल्टो K-10 कार (अस्थायी नंबर TO226 CH2598) को जांच के लिए रोका गया।

 

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क से नदी में समाई कार, 3 लोगों की मौके पर मौ.त

4.100 किलोग्राम चरस बरामद 

शुरुआत में कार सामान्य लग रही थी, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से तलाशी ली तो उसमें से बड़ी मात्रा में नशे का सामान बरामद हुआ। कार से करीब 4.100 किलोग्राम चरस बरामद की गई, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने कार में सवार तीनों व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपियों की पहचान 

  • लेखराज उम्र 34 साल
  • बाली चौकी निवासी राज कुमार उम्र 36 साल
  • देवधार तल्याहड़ निवासी रोहित कुमार उम्र 25 साल के रूप में हुई हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : मंडी से घर लौट रहे थे दो दोस्त, गहरी खाई में गिरी गाड़ी- पुष्पराज ने तोड़ा दम

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज 

पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।  पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी एक सामान्य जांच के दौरान हुई लेकिन इसका दायरा काफी बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि इतनी मात्रा में चरस की बरामदगी किसी संगठित तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करती है। इसी कारण अब इस मामले की जांच को और गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच 

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह चरस कहां से लाई गई थी, किसके माध्यम से इसकी सप्लाई हुई और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जिसकी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।