बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक परिवार नई नवेली दुल्हन के कथित धोखे का शिकार हो गया। जिस युवक ने जिंदगीभर साथ निभाने के सपने संजोकर शादी की थी, उसकी खुशियां महज चार दिन में ही बिखर गईं। आरोप है कि शादी के बाद घर आई दुल्हन लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर अचानक फरार हो गई। घर में नई बहू के आने की खुशियां अभी ठीक से मनाई भी नहीं गई थीं कि परिवार को ऐसा झटका लगा, जिसने सभी को हैरान कर दिया। अब पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
घर से गायब हुई दुल्हन
मामला पुलिस थाना भराड़ी के अंतर्गत आने वाले एक गांव का है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक युवक ने बीते 31 अक्तूबर को हरियाणा के जगाधरी स्थित सिविल कोर्ट में यमुनानगर की रहने वाली 22 वर्षीय युवती के साथ विवाह किया था। कोर्ट मैरिज के बाद युवती अपने पति के साथ ससुराल में रहने लगी थी। परिवार को उम्मीद थी कि घर में नई सदस्य के आने से खुशियों का माहौल बनेगा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों में ऐसा घटनाक्रम सामने आ जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली पर घर जाने की थी जल्दी, ट्रेन की चपेट में आया श्रमिक; क*ट गया पैर
घर से 16 लाख के गहने ले जाने का आरोप
शिकायतकर्ता, जो युवक की बहन है, ने पुलिस को बताया कि 4 नवम्बर को युवती कथित तौर पर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर वहां से चली गई। परिवार के अनुसार गायब हुए गहनों की कीमत करीब 16 लाख रुपए है, जबकि 1 लाख 80 हजार रुपए की नकदी भी घर से गायब मिली। जब परिजनों ने घर में तलाश की तो दुल्हन के साथ कीमती सामान भी नहीं मिला। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सकते में आ गए।
तलाश के बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर युवती की तलाश की और संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद युवक की बहन ने भराड़ी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। परिवार का आरोप है कि शादी के महज चार दिन बाद ही दुल्हन लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गई। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद इलाके में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली से पहले बुझ गया घर का चिराग, 9 वर्षीय मासूम को गाड़ी ने मारी टक्क
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संबंधित युवती की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल परिवार को उस दुल्हन का इंतजार है, जिसके साथ नई जिंदगी शुरू करने के सपने देखे गए थे, लेकिन शादी के चंद दिनों बाद ही घर से कीमती सामान गायब होने की शिकायत सामने आ गई।
