चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में पिछले साल एक नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिससे केस में एक अहम मोड़ आ गया है।

युवती के साथ किया था गंदा काम 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी का है। यह मामला नवंबर 2025 में दर्ज किया गया था। पांगी के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली नाबालिग के साथ हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल ब्रेकिंग : फैक्ट्री में इंटर्नशिप करने आए थे ITI छात्र, एक साथ छत से गिरे दो स्टूडेंट...

इस गंभीर मामले को स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रमुखता से उठाया था। विधायक के हस्तक्षेप और प्रशासन की ढिलाई पर सवाल खड़े होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो युवकों के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया आरोपी

जांच के दौरान इस मामले में कई हैरान करने वाले खुलासे सामने आए। बताया गया कि मुख्य आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर जम्मू ले गया था। वहां पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि आरोपी ने आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर नवजात बच्चे को किसी अनजान व्यक्ति को बेच दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसकी शादी किसी अन्य व्यक्ति से करवा दी और खुद वापस पांगी लौट आया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रिश्वत कांड में फंसे अधिकारियों की छुट्टी, फैसले से विपक्ष खुश- CM से मिलाया हाथ

ग्रामीणों की सतर्कता से खुला मामला

ग्रामीणों की सतर्कता के चलते जब यह मामला विधायक तक पहुंचा, तब जाकर पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। हालांकि, इस मामले में दूसरा आरोपी शाम लाल (निवासी गंधारी, जम्मू-कश्मीर) शुरुआती जांच के दौरान पुख्ता सबूतों के अभाव में जमानत पर छूट गया था।

DNA  टेस्ट से खुला आरोपी का राज 

इसके बाद चंबा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू किए और DNA  टेस्ट करवाया। हाल ही में आई DNA रिपोर्ट में शाम लाल का सैंपल मैच हो गया, जिससे उसकी भूमिका पूरी तरह साफ हो गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'मोमबत्ती' के बेटा-बहू चिट्टे संग गिरफ्तार : 3 दिन पहले ही की थी लव मैरिज

जम्मू-कश्मीर से दबोचा आरोपी

रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर के गंधारी में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को चंबा लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच 

ASP विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि DNA रिपोर्ट के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है और अब मामले की गहनता से जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं और पीड़िता के साथ हुई इस घटना के सभी पहलुओं को सामने लाया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें