हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी बस यानी एचआरटीसी के एक बस ड्राइवर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां उसने कथित रूप से शराब के नशे में बस चलाते हुए एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को निलंबित कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खाली बस को वापस ला रहा था हमीरपुर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बीते कल यानी शुक्रवार शाम को हमीरपुर से सुजानपुर की ओर जा रही बस बीच रास्ते तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। टायर पंचर होने के कारण बस को रोकना पड़ा, जिसे बाद में ठीक किया गया।
यह भी पढ़ें : 45 साल में ही हिमाचल निर्माता को भूल गई सुक्खू सरकार, पुण्यतिथि पर नहीं दी श्रद्धांजलि
इसके बाद चालक खाली बस को वापस हमीरपुर ला रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार के साथ हल्की टक्कर हो गई, जिससे दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही निगम प्रबंधन हरकत में आया और मौके पर निरीक्षण टीम भेजी गई। टीम को चालक के व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
अस्पताल ले जाकर कराया मेडिकल परीक्षण
चालक को नजदीकी अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां शुरुआती जांच में उसके द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हो गई। इसके बाद तुरंत प्रभाव से उसे ड्यूटी से हटा दिया गया। उधर, हमीरपुर क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि, चालक के सैंपल को विस्तृत जांच के लिए लैब भेजा गया है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पिकअप और कार चालक की गलती से गई 2 युवकों की जा.न, एक आरोपी फरार
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि संबंधित चालक के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी थीं, हालांकि तब कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया था। इस बार पुष्टि होने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
निगम ने साफ किया है कि, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी इस तरह के मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए गए हैं, ताकि परिवहन व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे।
