मंडी। इंटरनेट मीडिया पर कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाकर युवती से दोस्ती करने, शादी का भरोसा देकर करीब पांच महीने तक उसका यौन शोषण करने और पैसे व गहने लेने का मामला हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में सामने आया है। चंडीगढ़ की रहने वाली पीड़िता की शिकायत पर मंडी पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी समीर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्जी पहचान बताकर बढ़ाई नजदीकियां

पीड़िता का आरोप है कि समीर ने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान छिपाकर उससे संपर्क किया और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाई। इसके बाद उसने शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि उसने पीड़िता की अपने परिजनों से बातचीत भी करवाई, जिससे उसे शादी का भरोसा हो गया। पीड़िता के अनुसार, समीर के परिजनों ने भी मकान तैयार होने के बाद दोनों की शादी करवाने की बात कही थी।

यह भी पढ़ें- IGMC में प्रेग्नेंट महिला की मौ**त- KNH से हुई थी रेफर, 7 माह के शिशु ने भी गर्भ में तोड़ा दम

शादी के नाम पर 70 हजार और गहने लेने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि शादी और नया घर बनाने की बात कहकर आरोपित ने उससे 70 हजार रुपये, सोने की बालियां और अन्य कीमती आभूषण ले लिए। इसके बाद आरोपित उसे अपने परिजनों से मिलाने के लिए मुजफ्फरनगर भी ले गया था।

चंडीगढ़ में किराये के कमरे में रखने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, आरोपित ने पीड़िता को कुछ समय के लिए चंडीगढ़ में किराये का कमरा लेकर दिया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में अगस्त में आरोपित पीड़िता को मंडी लेकर आया। पीड़िता का आरोप है कि मंडी में भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : महिला कर्मी का कारनामा! सरकारी पाइपों से बना दी घर की रेलिंग, विजिलेंस ने मारी रेड

शादी की बात पर मिलते रहे बहाने

पीड़िता के अनुसार वह लगातार आरोपित और उसके परिजनों से शादी करने की बात कहती रही। मगर हर बार किसी न किसी बहाने से शादी टाल दी गई। शादी के नाम पर लगातार आश्वासन मिलने के बाद आखिरकार पीड़िता ने मंडी की शहरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई।

मेडिकल और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद पीड़िता का मेडिकल करवाया है। इसके अलावा उसके बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें