धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। धर्मशाला विधायक सुधीर शर्मा और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ अलग-अलग शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। दोनों मामलों में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और धमकी भरे बयान देने के आरोप लगाए गए हैं।

सुधीर शर्मा के खिलाफ धर्मशाला में FIR

दरअसल, धर्मशाला पुलिस थाने में यह मामला कल्याड़ा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान बलवीर चौधरी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सुधीर शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां कीं।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने बस हा*दसे पर जताया गहरा दुख, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 7 ने तोड़ा दम- 18 थे सवार

 

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री को कथित तौर पर धमकी देने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने विधायक के कुछ बयानों को कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR संख्या 141/2026 दर्ज की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 351(2) और 356(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पोस्ट की वास्तविकता की जांच कर रही है।

सुजानपुर में विधायक ने दर्ज करवाया केस

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक राज कुमार को सौंपी गई है। जांच के दौरान संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, स्क्रीनशॉट, पोस्ट के URL और अन्य डिजिटल सामग्री को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस यह भी देखेगी कि जिन टिप्पणियों को आधार बनाकर शिकायत की गई है, वे वास्तव में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से प्रकाशित हुई थीं या नहीं। इसके अलावा पोस्ट के पूरे संदर्भ और उसमें इस्तेमाल शब्दों की भी जांच की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बेरोजगारों के लिए तोहफा, निकाली सरकारी भर्ती- यहां क्लिक में जानें पूरी डिटेल

 

इसी बीच सुजानपुर थाना क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। यहां विधायक रणजीत सिंह की शिकायत के आधार पर पूर्व विधायक राजेंद्र राणा और विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस तरह एक ही राजनीतिक विवाद से जुड़े आरोपों को लेकर प्रदेश के दो अलग-अलग पुलिस थानों में कार्रवाई होने से मामला और गंभीर हो गया है।

राजनीतिक टकराव के बीच बढ़ी कानूनी मुश्किलें

सुधीर शर्मा पहले से ही राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर विवादों के बीच रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर दर्ज हुई FIR ने उनके सामने एक और कानूनी चुनौती खड़ी कर दी है। वहीं, राजेंद्र राणा का नाम भी इस मामले में जुड़ने के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें-हिमाचल में सुबह सवेरे बड़ा हा*दसा : ढांक से गिरी निजी बस, 7 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- चीखों से दहला इलाका

पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के दौरान सोशल मीडिया सामग्री, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण करेगी। इसके बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर दर्ज इन मामलों ने हिमाचल की सियासत में नया मोर्चा खोल दिया है। आने वाले दिनों में जांच की दिशा और संबंधित नेताओं की प्रतिक्रिया पर सभी की नजर रहेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें