कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम ऐसा है कि अब पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी इस कारोबार को बढ़ावा दे रही हैं। हालांकि, प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

चरस के जखीरे संग महिला गिरफ्तार

इसी कड़ी में ताजा मामला कुल्लू जिले से सामने आया है- जहां आनी उपमंडल में पुलिस की विशेष टीम ने एक मकान में छापेमारी कर चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेसहारा बच्चों की दिवाली भी होगी हैप्पी, सुक्खू सरकार ने जारी किया उत्सव भत्ता

कहां छुपाई थी चरस?

जानकारी के अनुसार, आनी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर नजर रखने के लिए पुलिस की टीमें गश्त के साथ खुफिया सूचनाएं जुटा रही थीं। इसी दौरान उपमंडल स्तरीय डिटेक्शन सेल आनी को सूचना मिली कि पुलिस थाना आनी के अंतर्गत आने वाले कूट गांव में एक मकान में चरस रखी गई है।

कितनी मिली चरस?

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस टीम ने घर में महिला से 2.990KG चरस बरामद की। इतनी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने चरस को अपने कब्जे में ले लिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल को दी बड़ी राहत: करोड़ों के बजट को दी मंजूरी; जानें कहां होगा खर्च

आरोपी महिला की पहचान

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार महिला की पहचान जोवनदासी पत्नी गोपाल सिंह निवासी कूट गांव, आनी के रूप में हुई है। जोवनदासी की गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

कहां पहुंची पुलिस जांच?

मामले में पुलिस थाना आनी में आरोपी महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 20 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बरामद चरस कहां से लाई गई थी, इसे घर में रखने का उद्देश्य क्या था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा तस्करों की अब खैर नहीं! पुलिस के साथ मैदान में उतरेंगी आशा वर्कर्स

किस नेटवर्क का हिस्सा महिला?

पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर चरस की बरामदगी से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है। जांच का एक प्रमुख पहलू यह भी है कि क्या इस मामले के तार किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चरस की खेप किसी अन्य व्यक्ति से प्राप्त की गई थी या इसके वितरण की कोई योजना बनाई गई थी। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर

कुल्लू जिला पुलिस की ओर से नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में पुलिस गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करने के साथ ही मादक पदार्थों की आपूर्ति और वितरण से जुड़े लोगों का पता लगाने का प्रयास करती है। आनी में हुई इस बरामदगी के बाद जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें