मंडी। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। हर दिन नशे में लिप्त आरोपी पकड़कर सलाखों के पीछे भेजे जा रहे हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है जहां पुलिस ने नशे की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है।
टनल के पास पुलिस को दिखा संदिग्ध युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिला मंडी के औट टनल का है। यहां पर बीते कल शुक्रवार को औट थाना की टीम रूटीन गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस की नजर औट टनल के पास एक युवक पर पड़ी। पुलिस को देख युवक संदिग्ध हरकतें करने लगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा एक्शन : 1500 करोड़ के जमीन घोटाले में होगी जांच, 11 दिन पहले फूटा था भांडा
युवक के कब्जे से चरस बरामद
पुलिस ने शक के आधार पर युवक को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से करीब 966 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान विक्की उर्फ महाकाल उम्र 23 साल के रूप में हुई है।
महाकाल युवक की करतूत देखकर हर कोई हैरान
महाकाल नाम के इस युवक की करतूत देखकर हर कोई हैरान है। सिर्फ 23 साल का होने के बावजूद वह इतनी बड़ी मात्रा में चरस ले जा रहा था लेकिन मंडी पुलिस की सतर्क नजरों ने उसे पकड़ ही लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एंट्री टैक्स पर फिर विवाद: पंजाब के लोगों ने किया चक्का जाम, भाजपा MLA भी धरने पर बैठे
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इतनी बड़ी मात्रा में चरस मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। औट थाना में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा ताकि उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा सके।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की और बताया कि जिले में नशे के तस्करों के खिलाफ कड़ी नीति अपनाई गई है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा की चरस कहां से लाया और इसे आगे किन लोगों या जगहों पर सप्लाई किया जाना था। इस गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय अन्य नशा तस्करों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
