#अपराध
October 3, 2026
हिमाचल: परिवार की उम्मीद का दुखद अंत, 9 दिन से लापता 22 वर्षीय युवक की नदी किनारे मिली देह
अयोध्या के होटल में मैनेजर था युवक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में 22 वर्षीय लापता युवक की तलाश आखिरकार खत्म हो गई। कई दिनों से बेटे के लौटने का इंतजार कर रहे परिवार को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब युवक का शव रोहड़ू में पुल के पास नदी किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के चिड़गांव से सामने आया है। बता दें कि युवक अयोध्या के एक होटल में मैनेजर के तौर पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि सुशांत 13 सितंबर को अयोध्या से अपने घर आया था।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू की गांव में बीती रात... जंगली मुर्गे की जगह पहाड़ी व्यंजनों से सजी थाली; नाटी भी डाली
घर आने के बाद युवक अपने मामा के घर देविधार गया था। इसके बाद वह चिड़गांव पहुंचा, लेकिन 23 सितंबर के बाद अचानक उसका संपर्क परिजनों से टूट गया। काफी समय तक घर नहीं लौटने और कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
सुशांत के लापता होने के बाद परिजनों ने रोहड़ू पुलिस को इसकी सूचना दी थी। इसके साथ ही लोगों से भी अपील की गई थी कि अगर सुशांत के बारे में किसी को कोई जानकारी मिले तो परिवार से संपर्क करें। करीब नौ दिन तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
यह भी पढ़ें : मेहनत रंग लाई: हिमाचल में दो सगे भाईयों ने एक साथ पहनी वर्दी, माता-पिता के खुशी से छलके आंसू
शुक्रवार को रोहड़ू में शिकड़ी पुल के पास नदी किनारे युवक का शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में मातम छा गया। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान सुशांत गांव झगटान, तहसील जुष्यात, जिला शिमला का रहने वाला था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुशांत की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।