हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पुलिस टीम ने ऐसे चोरी के मामले का खुलासा किया है- जिसने हर किसी को चौंका दिया। दरअसल, एक चोरी हुई भैंस को ढूंढते-ढूंढते पुलिस को उत्तर प्रदेश तक जाना पड़ा।
हिमाचल पुलिस पहुंची सहारनपुर
भैंस की तलाश में निकली हिमाचल पुलिस टीम सहारनपुर तक पहुंच गई और आखिरकार चोरी हुई भैंस को बरामद कर लिया। भैंस के साथ-साथ पुलिस टीम ने दो आरोपियों को भी पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : टैक्सी के पैसे नहीं दे पाया तो घर छोड़ मायके गई पत्नी- कोर्ट ने पति को दिलवाया न्याय
पशुशाला से चोरी हुई भैंस
मामला हमीरपुर जिला मुख्यालय के विकासनगर क्षेत्र का है- जहां से एक भैंस अचानक लापता हो गई थी। भैंस के मालिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोज की तरह शाम को मवेशी को बांधकर गया था। मगर अगली सुबह जब वह पशुशाला में पहुंचा तो भैंस वहां नहीं थी।
थाने पहुंचा मालिक, की शिकायत
आसपास काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की लड़की ने किया शर्मसार : सोशल मीडिया पर बनाती है गंदी वीडियो, FIR दर्ज
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
शुरुआती पड़ताल में ही पुलिस ने कई जगहों पर सूचना तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान एक अहम सुराग हाथ लगा, जिससे पता चला कि चोरी की गई भैंस को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ले जाया गया है।
दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए सहारनपुर में दबिश दी। वहां कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और मौके से चोरी हुई भैंस भी बरामद कर ली गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: टैक्सी चालक का गला दबाया- म*रा समझ जंगल में फेंका, 3 दिन बाद मिला जिंदा; 2 गिरफ्तार
यूपी से हिमाचल लाई भैंस
इसके बाद भैंस को सुरक्षित उसके असली मालिक के हवाले कर दिया गया। भैंस के मालिक ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस का आभार जताया। उनका कहना है कि भैंस उनके परिवार की आजीविका का अहम सहारा थी। अगर वह वापस नहीं मिलती, तो दोबारा खरीद पाना उनके लिए बेहद मुश्किल होता।
48 घंटे में सुलझाया मामला
SP हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर इस मामले को सुलझा लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस पूरे नेटवर्क को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव की हलचल तेज : BJP ने चला अपना दांव, जिला परिषद प्रत्याशी की तलाश शुरू
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर गांव या आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो तुरंत सूचना दें। साथ ही, जो लोग बाहरी व्यक्तियों को किराए पर रखते हैं, वे उनका पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
