बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पर एक बस कंडक्टर का शव पुल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 

पुल के पास मिला युवक का शव

जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के ग्राम पंचायत डाहड़ के उपप्रधान अजय कुमार ने झंडूता पुलिस को सूचना दी कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला चोरबांए के पास पुल के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की खस्ता सड़कों पर लंबा जाम- HC ने चलाया डंडा, सरकार और PWD से मांगा जवाब

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। इसके बाद क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शाम को बस से उतरने के बाद लापता था कंडक्टर

परिजनों ने पुलिस को बताया कि व्यक्ति रोजाना की तरह अपने काम पर गया था। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे वह बस से उतरा था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। काफी समय बीत जाने के बाद जब परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद आ रहा था।

यह भी पढ़ें : डिप्टी CM के घर में नए प्रधान का तगड़ा एक्शन- शपथ के 1 घंटे बाद ही की ताबड़तोड़ कार्रवाई

इसके बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद चोरबांए पुल के पास उसका शव बरामद हुआ।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और कई अहम साक्ष्य जुटाए। मौके से मृतक की चप्पलें, उल्टी के अंश और एक ट्यूब समेत कुछ अन्य चीजें कब्जे में ली गई हैं। मृतक की पहचान सुमित कुमार पुत्र रूप लाल निवासी गांव खलसाए के रूप में हुई है, जो बस कंडक्टर के तौर पर काम करता था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल-पंजाब के बिगड़े रिश्ते : एंट्री वसूली पर निहंग सिखों का बवाल- दोबारा लगेगा खालसा टैक्स

शरीर पर नहीं मिले गंभीर चोट के निशान

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के गहरे चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, माथे के दाहिनी तरफ हल्का रगड़ का निशान पाया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि सुमित कुमार की मौत कैसे हुई। पुलिस परिवार वालों, स्थानीय लोगों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में हंसराज ने 9 लोगों को नहीं दिया टिकट, भुगतनी पड़ी भारी सजा- जानें पूरा मामला

झंडूता थाना प्रभारी राजेंद्र ने बताया कि पुल के पास युवक का शव मिला है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।