मंडी। एक हंसता-खेलता घर उस वक्त मातम में बदल गया, जब परिवार की 10 वर्षीय बेटी दोपहर में सोने के बाद फिर कभी नहीं उठी। कुछ देर पहले तक घर में खेल रही मासूम की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।

10 वर्षीय बच्ची की मौत

किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर कुछ ही घंटों में ऐसा क्या हुआ कि मासूम जिंदगी हमेशा के लिए थम गई। ये दर्दनाक मामला हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से सामने आया है। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में लगातार बारिश बनी आफत : पहाड़ी से गिरीं भारी चट्टानें, मलबे से सड़कें बंद

दोपहर का भोजन कर कमरे में सोने गई थी बच्ची

मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत धवाल में कुलदीप कुमार की 10 वर्षीय बेटी अवनी गुरुवार दोपहर घर में खेल रही थी। दोपहर का भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चली गई।

कमरे में बेसुध पड़ी मिली

कुछ समय बाद जब उसकी मां उसे उठाने के लिए कमरे में पहुंची तो बच्ची ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उसे आवाज लगाने और जगाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं उठी। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

यह भी पढ़ें- पावर की धौंस! HP पुलिस की 2 महिला कांस्टेबल ने SP पर जड़े आरोप, कॉल ट्रैक भी....

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थी सांसें

घबराए परिजन तुरंत अवनी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मौत की वजह अब भी रहस्य

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची की मौत किन कारणों से हुई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- 15 अगस्त से पहले हिमाचल में हड़कंप : केंद्रीय विद्यालय को मिली ब*म से उड़ाने की धम..की

मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस बोली- जांच के बाद ही होगा खुलासा

DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : भेड़-बकरियां चराने गई 19 वर्षीय युवती नदी में बही, 2 दिनों से नहीं मिला सुराग

पूरे गांव में शोक

मासूम अवनी की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर इतनी छोटी उम्र में इस मासूम की जान कैसे चली गई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें