ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 21 साल की युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवती बीकॉम फाइनल वर्ष की छात्रा थी और छुट्टियों में अपने घर आई थी। छात्रा की मौत से ना सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव सदमे में है। वहीं हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर युवती की मौत कैसे हुई।
बीकॉम फाइनल की छात्रा थी युवती
मृतका की पहचान 21 वर्षीय तमन्ना शर्मा पुत्री उमेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 6 के रूप में हुई है, जो खालसा कॉलेज आनंदपुर साहिब में बीकॉम फाइनल वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। छुट्टियों के चलते वह इन दिनों अपने घर जखेड़ा आई थी। किसे पता था कि घर की ये छुट्टियां उसके जीवन की अंतिम छुट्टियां साबित होंगी। वह अपने करियर को लेकर बड़े सपने देख रही थी, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
BREAKING हिमाचल: छात्रों का इंतजार खत्म, HPBOSE इस दिन घोषित करेगा 12वीं का रिजल्ट
खेत से लौटते ही बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय सब कुछ सामान्य था। तमन्ना घर के कामकाज में हाथ बंटा रही थी। वह पशुओं को चारा डालने के बाद अपने कमरे में लौटी थी। लेकिन कमरे में जाते ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे तेज उल्टियां होने लगीं। बेटी की हालत बिगड़ते देख परिजन घबरा गए और आनन.फानन में उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उम्मीद की एक किरण लेकर चंडीगढ़ की ओर भागे, लेकिन रास्ते में ही तमन्ना ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक मां की गोद सूनी हो गई और पिता का सहारा छिन गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार लेने जा रही बड़ा फैसला- आउटसोर्स कर्मियों के फिरेंगे दिन, मिलेगी नौकरी की सुरक्षा
पुलिस खंगाल रही मौत के कारण
घटना की सूचना मिलते ही ऊना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया। हालांकि, अभी मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे जहरीला पदार्थ निगलने का मामला माना जा रहा है।
क्या बोले एसपी ऊना
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। हम हर पहलू की गहनता से जांच कर रहे हैं। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गड्ढों में दफन हुआ विकास, NH-5 पर लोगों की जान से खिलवाड़- सड़क की हालत बद से बदतर
जांच के घेरे में संदिग्ध हालात
छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, क्या उसने अनजाने में कुछ खा लिया या इसके पीछे कोई मानसिक तनाव था, पुलिस इन सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। फिलहाल, जखेड़ा गांव में सन्नाटा पसरा है और हर कोई इस होनहार छात्रा की मौत पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है। एक पिता जिसने अपनी बेटी को पढ़ा.लिखाकर काबिल बनाया, आज उसी बेटी के शव को देखकर बेसुध है।
