बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने ई-चालान प्रणाली की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में चालान का संदेश मिला, जबकि संबंधित वाहन एक कार थी और कथित समय पर घर के बाहर खड़ी थी। मामले के सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

एक हजार रुपये का कटा चालान

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के डियारा क्षेत्र निवासी राजीव शर्मा को 16 जून की सुबह मोबाइल फोन पर एक ई-चालान का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर एक हजार रुपये का जुर्माना दर्शाया गया था। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि चालान में जिस वाहन नंबर का उल्लेख किया गया था, वह उनकी निजी कार का था, जबकि उल्लंघन मोटरसाइकिल से जुड़ा दिखाया गया।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने दिया बड़ा झटका- बिजली बिल में जुड़ेगा फ्यूल चार्ज, ग्राहकों पर बढ़ा बोझ

राजीव शर्मा का कहना है कि जिस समय ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की बात कही गई, उस दौरान उनकी कार घर पर ही खड़ी थी। ऐसे में यह समझ से परे है कि कार के नंबर पर बिना हेलमेट वाहन चलाने का चालान कैसे जारी कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ई-चालान के साथ कोई फोटो, वीडियो या अन्य प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि आमतौर पर डिजिटल चालान के साथ साक्ष्य भी जोड़े जाते हैं।

पुलिस चौकी में बताई तकनीकी त्रुटि

मामले की जानकारी लेने के लिए जब वह पुलिस चौकी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि यह तकनीकी या मानवीय त्रुटि के कारण हुआ है और चालान को रद्द कर दिया जाएगा। हालांकि संबंधित चालान से जुड़ा कोई फोटो रिकॉर्ड या सबूत पुलिस द्वारा उपलब्ध नहीं कराया जा सका।

यह भी पढ़ें- कर्ज के सहारे चल रही सुक्खू सरकार! अब 700 करोड़ का नया लोन लेने की तैयारी

इस घटना ने ई-चालान प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की गलतियां होती हैं तो कई वाहन चालक बिना जांच-पड़ताल किए जुर्माना भर सकते हैं। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो सकता है, बल्कि लोगों का डिजिटल ट्रैफिक निगरानी प्रणाली पर भरोसा भी प्रभावित हो सकता है।

चालान को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू

विशेषज्ञों का मानना है कि ई-चालान प्रणाली का उद्देश्य यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है, लेकिन इसके लिए सटीक डेटा और प्रमाण आधारित कार्रवाई बेहद जरूरी है। यदि वाहन संख्या, फोटो या अन्य विवरणों में गलती होती है तो निर्दोष लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में पंचायत चौकीदार को सांप ने डसा, तोड़ा दम- गरीब परिवार का था इकलौता सहारा

उधर, जिला यातायात पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित चालान को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी त्रुटियां न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें