#अव्यवस्था
July 30, 2026
हिमाचल की सियासत में भूचाल : BJP विधायक पर FIR दर्ज, आय से अधिक संपत्ति के आरोप
कई एजेंसियों से करवाई गई संपत्तियों की जांच
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर विजिलेंस की कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। कांगड़ा जिला में पड़ते विधानसभा देहरा के पूर्व विधायक के खिलाफ मामले दर्ज किया गया है।
जिसके बाद अब कांगड़ा जिले के एक वरिष्ठ भाजपा विधायक पर भी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस ब्यूरो ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक संबंधित विधायक का नाम आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, विधायक पर ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ने धर्मशाला थाने में FIR (6/26) दर्ज की है। अब जांच एजेंसी विधायक की आय के स्रोत, चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान विधायक के आलीशान मकान और अन्य संपत्तियों का विभिन्न सरकारी एजेंसियों से मूल्यांकन कराया गया। PWD ने भी संपत्तियों के आकलन से जुड़ी रिपोर्ट तैयार की है। इन रिपोर्टों के आधार पर आगे की जांच को गति दी जा रही है।
उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, FIR दर्ज होने के बाद विजिलेंस अब संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया में है। जांच के दौरान संपत्ति खरीद, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का भी मिलान किया जाएगा। हालांकि, इस मामले पर विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने आधिकारिक टिप्पणी करने से फिलहाल इनकार किया है।
जिस भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उनकी मौजूदा राज्य सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर लंबे समय से राजनीतिक टकराव की स्थिति रही है। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध दस्तावेजों और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।