ऊना। हिमाचल प्रदेश में स्थित श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में सुगम पास व्यवस्था से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला अब सियासी रंग पकड़ने लगा है। मंदिर प्रशासन की शिकायत पर पुलिस जांच जारी है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने जांच की रफ्तार और सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले में निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

BJP बोली- आरोपी सीएम का करीबी

बुधवार को चिंतपूर्णी में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने आरोप लगाया कि इस मामले में संलिप्त बताए जा रहे अधिकारी मुख्यमंत्री के करीबी हैं। इसी वजह से एफआईआर दर्ज होने के बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें- बाबा बालक नाथ का चमत्कार : जन्म से गूंगा बच्चा लगा बोलने, 5 साल से इंतजार कर रहा था परिवार

तीन साल के रिकॉर्ड खंगालने की मांग

बलबीर चौधरी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पारदर्शी जांच चाहती है तो पिछले तीन वर्षों के सभी रिकॉर्ड की गहन जांच कराई जाए। उनका दावा है कि ऐसा होने पर बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।

जांच में सामने आए थे संदिग्ध लेन-देन

पूर्व विधायक ने कहा कि मंदिर प्रशासन की जांच के दौरान 19 जून के रिकॉर्ड में डिजिटल भुगतान से जुड़े कई संदिग्ध लेन-देन सामने आए थे। आरोप है कि एक ही ट्रांजैक्शन आईडी और एक ही मोबाइल नंबर का बार-बार इस्तेमाल कर कई सुगम पास जारी किए गए। इसी आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन उसके बाद जांच में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी।

यह भी पढ़ें- कंगना रनौत ने Gen Z को कहा गटर छाप, बोलीं- शराब पीती हैं, मां-बाप की कमाई खाती हैं

एक मोबाइल नंबर से जारी हुए 80 पास

गौरतलब है कि श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में सुगम दर्शन के लिए ₹1100 का पास जारी किया जाता है, जिसके जरिए पांच श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक ही मोबाइल नंबर से 80 सुगम पास जारी किए गए थे। इसी के बाद पूरे मामले को लेकर सवाल खड़े हुए और मंदिर प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें