हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जाहू में 132 केवी की हाईवोल्टेज बिजली लाइन के प्रभाव में आने से दो 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गए। करंट की चपेट में आने के बाद दोनों युवक नीचे गिर पड़े।

 

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं दूसरे युवक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

खड्ड किनारे घूमने निकले थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार पंजाब निवासी गुरप्रीत (17) और उत्तर प्रदेश निवासी सुखदेव (17) शनिवार शाम घूमने के लिए निकले थे। दोनों सुनहेल खड्ड के किनारे भू-कटाव रोकने के लिए लगाए गए सपार के ऊपर से गुजर रहे थे। इसी स्थान के ठीक ऊपर से 132 केवी की हाईवोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि युवकों ने बिजली की तार को सीधे हाथ से नहीं छुआ, लेकिन हाईवोल्टेज लाइन के प्रभाव में आते ही अचानक करंट का झटका लगा और दोनों बुरी तरह झुलसकर नीचे जा गिरे। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा*दसा: खाई में जा गिरी कार; महिला की थम गईं सांसें- बच्चों समेत 4 घायल

हादसे के बाद इलाके की बिजली हुई बंद

दोनों युवकों के हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। बिजली बंद होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और दोनों युवकों को सुरक्षित तरीके से घटनास्थल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

एक युवक को पीजीआई किया रेफर

हादसे के बाद दोनों घायलों को बलद्वाड़ा अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। कम झुलसे सुखदेव को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गुरप्रीत की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया। बाद में उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्वाइन फ्लू का कहर: एक ही दिन में दूसरे शख्स की छीनी सांसें; IGMC में तोड़ा दम

बिजली विभाग ने तुरंत काटी सप्लाई

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके की स्थिति को देखते हुए लाइन की बिजली बंद कर दी। इससे घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों के लिए संभावित खतरा टल गया। हाईवोल्टेज लाइन के इतने करीब लोगों की आवाजाही को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें : पिता नहीं रहे तो मां बनी सहारा, रीटा ने मेहनत के दम पर पास की UGC NET-JRF परीक्षा

पुलिस ने शुरू की जांच

जाहू पुलिस चौकी को घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जाहू पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवक किस परिस्थिति में हाईवोल्टेज लाइन के प्रभाव में आए और घटनास्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम मौजूद थे।

 

यह भी पढ़ें : आउटसोर्स कर्मियों के आएंगे अच्छे दिन! CM सुक्खू लाने जा रहे ठोस नीति, लॉटरी को बताया भाग्य

 

शनिवार शाम जाहू में हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवोल्टेज बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो युवकों के अचानक करंट की चपेट में आने से जहां इलाके में अफरा-तफरी मची, वहीं एक युवक की गंभीर हालत ने परिवार और परिचितों की चिंता बढ़ा दी है।  

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें