कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। गरला गांव में एक परिवार ने भीषण सड़क हादसे में अपना इकलौता बेटा खो दिया है। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।
ड्यूटी से लौट रहा था घर
मिली जानकारी के अनुसार, गरला गांव का 25 वर्षीय राहुल पालमपुर स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। बीती रात वह अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने साथ काम करने वाले एक दोस्त को उसके घर डरोह छोड़ने गया था।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! अगले 2 दिन तेज बर्फीले तूफान का अलर्ट जारी, आंधी के साथ होगी भारी बारिश
दोस्त को छोड़ने गया राहुल
दोस्त को सुरक्षित घर पहुंचाने के बाद राहुल अपनी बाइक पर अपने घर गरला की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह गढ़ चौक के पास, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा के समीप पहुंचा, तो अचानक यह भयावह हादसा हो गया।
अनियंत्रित बाइक ट्राला जीप से टकराई
बताया जा रहा है कि किसी कारणवश राहुल की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्राला जीप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि राहुल को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसा रात के समय हुआ, इसलिए मौके पर तत्काल कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था।
यह भी पढ़ें : बोधराज को मिलेगी देव कमरुनाग की गूर गद्दी- बारिश करवाने में हुए सफल, पुराने पुजारी को हटाया
बस सवार ने देखी लाश
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक वोल्वो बस से उतरे एक यात्री की नजर सड़क पर पड़े घायल राहुल पर पड़ी। यात्री ने बिना देर किए इसकी जानकारी पुलिस थाना भवारना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
सदमे में पूरा परिवार
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। राहुल की मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मेजर अंशुल को शौर्य चक्र : सरहद पर दुश्मनों को दिया करारा जवाब, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
गांव में पसरा मातम
राहुल की असामयिक मौत से गरला पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार में उसकी एक बहन है। युवक की अचानक हुई मौत से परिजन सदमे में हैं और पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
