शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे जा गिरी। हादसा इतना दर्दनाक था कि बेटे के सामने ही पिता ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि बेटा हादसे में घायल हो गया।
अचानक अनियंत्रित होकर 30 मीटर नीचे गिरी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के तकलेच क्षेत्र से सामने आया है। यहां पर कार नंबर HP-63C-3943 (Venue) को गांव थेडा, डाकघर तकलेच निवासी जगदीश चंद चला रहे थे। उनके साथ उनके पिता निका राम भी सवार थे। रात करीब 8:30 बजे जब वे गांव की ओर जा रहे थे, तभी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 30 मीटर नीचे जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों को गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 12 साल की मेहनत लाई रंग, पुष्पा बनीं भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान
पिता ने मौके पर तोड़ा दम, बेटा अस्पताल में भर्ती
हादसे में निका राम को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके बेटे जगदीश चंद को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायल जगदीश चंद को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के बाद उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे को लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक निका राम के शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर, रामपुर ले जाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम आगामी दिन कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद
हादसे के बाद गांव में छाया मातम
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के पिता-पुत्र के साथ हुए इस हादसे ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है। परिवार में मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर कार किस वजह से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी।
