सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार लगातार सड़क हादसों की बड़ी वजह बनती जा रही है। लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीन युवक सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीछे से मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, गांव सतीवाला निवासी हितेश ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि बहराल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट कार ने पांवटा साहिब की ओर जा रही UP-11-CU-4994 नंबर की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। उस समय बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों संतुलन खो बैठे और सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के दावों की उनके ही घर में खुली पोल! एक माह में उखड़ी नई सड़क; गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। घायल युवकों की पहचान सलीम, सावेज और रिहान निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तीनों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
कार चालक फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस
हादसे के तुरंत बाद स्विफ्ट कार चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार की हिमाचल को बड़ी सौगात, इस बड़ी परियोजना को दी मंजूरी, बनेंगे पुल और टनलें
CCTV फुटेज के सहारे तलाश जारी
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे में शामिल कार और उसके चालक की पहचान करने के लिए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
