शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने चिंता बढ़ा दी है। एक ही दिन में दो घटनाओं के बाद तीसरा दर्दनाक हादसा जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र से सामने आया है, जहां स्कूटी और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में स्कूटी चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और भी गहरी हो गई है।  

स्कूटी और पिकअप की जोरदार टक्कर 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला राजधानी शिमला के रोहड़ू में पेश आया है। हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। पिकअप चालक लेख राज अपनी गाड़ी लेकर जा रहा था। उसी दौरान हाटकोटी की ओर से एक स्कूटी काफी तेज रफ्तार में आती दिखाई दी।

यह भी पढ़ें- सीएम सुक्खू का बंगाल में नहीं चला जादू, कांग्रेस प्रत्याशी की जब्त हुई जमानत! जयराम ने कसा तंज

 पिकअप के पिछले टायर से टकराया युवक 

प्रत्यक्षदर्शियों और चालक के बयान के मुताबिक, स्कूटी चला रहा युवक अचानक अपना संतुलन खो बैठा और सीधा पिकअप के पिछले टायर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। 

एक की मौत दूसरा गंभीर घायल 

इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी चला रहे युवक विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायल को तुरंत रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : गहरी खाई में गिरी कार, मां-बेटी समेत चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- एक की हालत नाजुक

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह स्कूटी की तेज रफ्तार और लापरवाही हो सकती है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।