#राजनीति
May 4, 2026
सीएम सुक्खू का बंगाल में नहीं चला जादू, कांग्रेस प्रत्याशी की जब्त हुई जमानत! जयराम ने कसा तंज
जयराम ठाकुर बोले, सीएम सुक्खू भाजपा के लिए लक्की, जहां जाते हैं हम जीतते हैं
शेयर करें:

शिमला। देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सोमवार को सामने आ रहे हैं और शुरुआती रुझानों ने देश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल से जो संकेत मिल रहे हैंए उन्होंने सियासी समीकरणों को पूरी तरह बदलकर रख दिया है। यहां लंबे समय से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को बड़ा झटका लगता दिख रहा हैए जबकि भारतीय जनता पार्टी अप्रत्याशित बढ़त के साथ सत्ता की ओर मजबूती से कदम बढ़ाती नजर आ रही है।
करीब डेढ़ दशक से राज्य की सत्ता संभाल रही ममता बनर्जी के लिए यह चुनाव नतीजे किसी राजनीतिक भूचाल से कम नहीं माने जा रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा ने इस बार आक्रामक रणनीति और व्यापक प्रचार के दम पर राज्य में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, जिससे बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर होता दिख रहा है।
इन सबके बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए स्थिति और भी निराशाजनक बनी हुई है। कई सीटों पर पार्टी का खाता तक खुलता नजर नहीं आ रहा, जो उसके कमजोर होते जनाधार की ओर इशारा करता है। खास बात यह रही कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था, लेकिन उनका यह प्रयास भी कोई खास असर नहीं छोड़ सका।
कोलकाता की चर्चित चौरंगी विधानसभा सीट इसका प्रमुख उदाहरण बनकर सामने आई है। यहां जिस कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में सुक्खू ने प्रचार किया था, वह चुनावी मुकाबले में बेहद पिछड़ गया। हालात ऐसे बने कि उम्मीदवार को बेहद कम वोट मिले और उसकी जमानत जब्त होने की स्थिति तक आ गई। यह परिणाम कांग्रेस के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर हिमाचल की राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। मंडी में जयराम ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू कांग्रेस के लिए प्रचारक नहीं, बल्कि भाजपा की जीत के शुभ संकेत बन गए हैं। वे जहां जहां पैर रखते हैं, वहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाता है और भाजपा की सरकार बन जाती है।
जयराम ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बाद अब बंगाल ने भी सुक्खू के झूठ के मॉडल को खारिज कर दिया है। उन्होंने कटाक्ष किया कि सुक्खू का जादू दिल्ली से लेकर पूर्वोत्तर और अब बंगाल तक पूरी तरह बेअसर साबित हुआ है।
कुल मिलाकर पांच राज्यों के चुनाव परिणाम न सिर्फ सरकारों का भविष्य तय कर रहे हैं, बल्कि देश की राजनीतिक दिशा को भी नया मोड़ देते नजर आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल में सामने आए रुझान इस बात का संकेत हैं कि आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।