शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसके कारण एक युवक की मौत हो गई।
कार से चालक का हटा नियंत्रण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला शिमला के कुपवी तहसील में पेश आया है। यहां पर कार कांडा बनाह से कुपवी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार हादसे का शिकार हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सियासी भूचाल: विजिलेंस रडार पर एक और पूर्व MLA, इसने भी कांग्रेस छोड़ थामा था BJP का दामन
हादसा इतना गंभीर था कि युवक को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे आते हुए घायल जवान को सिविल अस्पताल कुपवी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान प्रकाश धिरटा (25) पुत्र स्वर्गीय भीम सिंह, निवासी गांव कुजांह, डाकघर कांडा बनाह, तहसील कुपवी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मेरी पत्नी को भगा ले गया युवक... पति ने थाने में की शिकायत, गहने - 85 हजार नगद भी ले गई साथ
हादसे की खबर से गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जवान युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव में भी मातम का माहौल है और हर कोई इस हादसे से दुखी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हादसा किस वजह से हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : कर्मचारियों-पेंशनरों को मिलेगा 15% DA- एरियर! हाईकोर्ट ने सुक्खू सरकार को दी 12 सप्ताह की मोहलत
परिवार को दी 25 हजार रुपये की फौरी राहत
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की फौरी सहायता राशि दी गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नियमों के अनुसार परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी।
पहाड़ी सड़कों पर हादसों ने बढ़ाई चिंता
इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने और हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
