हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में गैस सिलेंडर फटने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला जिला हमीरपुर से सामने आया है, जहां एक दुकान में अचानक गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई

सुबह पांच बजे फटा सिलेंडर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के भोटा बाजार इलाके का है। यहां पर आज मंगलवार सुबह करीब पांच बजे रेस्ट हाउस के पास स्थित एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते भीषण आग भड़क उठी। धमाका इतना तेज था कि दुकान का भारी लोहे का शटर उखड़कर काफी दूर जा गिरा।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में डॉक्टरों का कमाल : बिना चीर-फाड़ कर बचाई 2 मरीजों की जान, PGI का झंझट खत्म

दुकान से धुआं देख शटर उठाया

बता दें कि यह दुकान पुरुषोत्तम चंद की थी। रोज की तरह वह सुबह करीब 5 बजे दुकान खोलने पहुंचे। जैसे ही वह वहां पहुंचे, उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर से धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं। उन्होंने शटर खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर की तेज गर्मी और आग की वजह से वह सफल नहीं हो पाए।

पास के दुकानदारों ने की मदद

इसी दौरान पास के दुकानदार कमलेश कुमार और दूध सप्लाई करने वाले राकेश कुमार भी उनकी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर जैसे ही शटर को ऊपर उठाने की कोशिश की, उसी वक्त अंदर जोरदार विस्फोट हो गया। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : BSF में असिस्टेंट कमांडेंट बना महेश्वर- वर्दी पहन लौटा गांव, मां का सपना किया पूरा

शटर के उड़े परखच्चे

धमाके के साथ ही शटर के परखच्चे उड़ गए और आग की लपटें बाहर तक फैल गईं। इस विस्फोट में पुरुषोत्तम, कमलेश और राकेश बुरी तरह झुलस गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि सुबह के सन्नाटे में दूर-दूर तक सुनाई दी और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

तीनों हुए गंभीर घायल

घायलों को तुरंत हमीरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम चंद करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। एक अन्य घायल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। तीसरे घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल में बदला मौसम: आसमान में उमड़े बादल, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट- जानें

मौके पर पहुंची पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार जोगिंद्र कुमार, कानूनगो डिंपल रंजन और पटवारी ललित मोहन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।

SP हमीरपुर ने की मामले की पुष्टि

SP हमीरपुर बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर गैस सिलेंडर फटने की बात सामने आ रही है, लेकिन असली कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें