#हादसा
September 24, 2026
हिमाचल: बस-कार टक्कर में तीन लोगों की मौ**त, बेटे के सामने माता-पिता और दादी ने तोड़ा दम
अस्पताल से दवाई लेकर लौट रहे परिवार की कार को बस ने मारी टक्कर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। घंडल-सोलह मील के पास नेशनल हाईवे-205 पर HRTC की इलेक्ट्रिक बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार सवार बेटे के सामने ही उसके माता-पिता और दादी ने दम तोड़ दिया, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार परिवार गुरुवार सुबह उपचार के लिए IGMC शिमला पहुंचा था। यहां चिकित्सकीय जांच और दवाई लेने के बाद परिवार के सदस्य कार में सवार होकर वापस घणागुघाट की ओर लौट रहे थे। परिवार शायद यह सोचकर अस्पताल से निकला था कि अब घर पहुंचकर दिन सामान्य तरीके से बीतेगा, लेकिन कुछ ही देर बाद घंडल-सोलह मील के पास हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव के 4 माह बाद बड़ा उल्टफेर, 37 वोट से हारी महिला रिकाउंटिंग में 44 मतों से जीती
बताया जा रहा है कि दोपहर बाद घंडल-सोलह मील के समीप कार की HRTC की इलेक्ट्रिक बस से जोरदार टक्कर हो गई। बस बागीपुल से शिमला की ओर आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
कार में दो महिलाएं और दो पुरुष सवार बताए जा रहे थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार युवक घायल हुआ है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि घायल बेटे ने अपनी आंखों के सामने अपने माता-पिता और दादी को खो दिया। जिस परिवार के चार सदस्य इलाज के बाद घर लौट रहे थे, हादसे के कुछ ही पलों बाद उनमें से तीन की जिंदगी खत्म हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब की सियासत! कांग्रेस MLA के समर्थन में सड़क पर उतरी BJP, सुक्खू सरकार से की ये मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक का उपचार IGMC में चल रहा है। हादसे में घायल हुए युवक के लिए यह घटना केवल सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि जिंदगी भर न भूल पाने वाला गहरा सदमा बन गई है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दयानंद (57) पुत्र ठाकरू राम, निवासी फांजी गांव, अर्की, सोलन; उनकी पत्नी हेमलता (52) और विद्यादेवी (75) पत्नी ठाकरू राम, निवासी फांजी गांव, अर्की, सोलन के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवक भी इसी परिवार का सदस्य बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, गाड़ियां- गोल्ड बिस्किट, मकान और बैंक खाते किए सीज
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह ओवरस्पीड और पास लेने के दौरान हुई टक्कर बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से हादसे के लिए किसी वाहन चालक की गलती की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आखिर कार और बस की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे की हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, एक साथ तीन परिजनों को खोने के बाद परिवार के लिए यह समय बेहद पीड़ादायक है।