कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और तेज आंधी-तूफानों से लोगों की जान को खतरा बढ़ गया है। ताजा मामला जिला कुल्लू से सामने आया है, जहां SSB सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे एक युवा प्रशिक्षु पर पेड़ गिरने से उनकी मौत हो गई। यह हादसा न केवल कैंप में बल्कि पूरे इलाके में शोक और गमगीन माहौल पैदा कर गया है।
युवक पर गिरा पेड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कुल्लू के शमशी स्थित SSB कैंप का है। यहां पर बीते सोमवार की शाम इन्डोर क्लास के दौरान ब्रेक लिया गया। इस दौरान प्रशिक्षु शौचालय आदि के लिए बाहर जा रहे थे। तभी अचानक तेज आंधी चली और उसी समय कैंप के पास खड़ा एक बड़ा पॉपलर का पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे राम सैनी के ऊपर गिर गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल आए पर्यटक की संदिग्ध मौ*त, होम स्टे में मिली ला*श- जांच में जुटी पुलिस
शरीर पर आई गहरी चोटें
इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, खासकर सिर, दाहिनी टांग और पेट में। साथी प्रशिक्षुओं और अधिकारियों ने उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान
राम सैनी उम्र 23 साल पुत्र मदन सैनी गांव साखुन, जिला जयपुर (राजस्थान) के रुप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बनी 73 दवाओं के सैंपल फेल, संकट में मरीज- फार्मा सेक्टर पर उठे सवाल
परिजनों को दी हादसे की सूचना
मौके पर SSB शमशी के सहायक कमांडेंट जिया लाल और राजस्थान पुलिस के अधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद प्रशिक्षु पंकज मालव के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के परिजनों को फोन कर सूचना दे दी गई है और वे अब कुल्लू के लिए निकल चुके हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शवगृह में रखा गया है, जहां सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदनलाल कौशल ने इस हादसे की पुष्टि की है और कहा कि मामले की पूरी गहनता से जांच की जा रही है। राजस्थान पुलिस के करीब 494 प्रशिक्षु इस समय SSB शमशी कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
