शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला स्थित जुब्बल थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां बिजली लाइन की नियमित मेंटेनेंस के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी को करंट लग गया। झटका इतना तेज था कि युवक को अपनी चपेट में ले गया और युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
मरम्मत करते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान हिमांशु चौहान , निवासी परौंठी के तौर पर हुई है। मरम्मत पूरी होने के बाद जैसे ही सप्लाई बहाल की गई, करंट का तेज़ झटका युवक को अपनी चपेट में ले गया। साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: महंगाई के बीच एक और चोट : हिमाचल के राशन डिपुओं में बड़े दालों के दाम, यहां जानें रेट लिस्ट
अविवाहित था, परिवार पर टूटा पहाड़
मृतक हिमांशु चौहान की उम्र मात्र 27 वर्ष थी। वह पिछले कुछ समय से बिजली बोर्ड में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में तैनात था। उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया है। परिवार और गांव में गम का माहौल है, क्योंकि हिमांशु अविवाहित था और घर का सहारा माना जाता था।
क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल फॉलो हुआ?
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मरम्मत खत्म होने के तुरंत बाद लाइन में करंट बहाल किया गया, और तभी हिमांशु उसकी चपेट में आ गया। पुलिस अब यह जांच रही है कि पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि मौके पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं और क्या किसी प्रकार की लापरवाही हादसे की वजह बनी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में नशा सप्लाई करने आए थे तीन यार : ग्राहक से पहले पहुंची पुलिस, हुए गिरफ्तार
FIR दर्ज, मामले की जांच जारी
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कर्ण की शिकायत पर थाना जुब्बल में BNSS की धारा 125 और 289 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी।
