मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गए चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घास काटने गई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के बहरी गांव का है। यहां पर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला रोजमर्रा की तरह अपने खेत में घास काटने के लिए गई थीं। उसी दौरान अचानक वहां मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड आ गया और उन्होंने बुजुर्ग महिला पर जोरदार हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : चिट्टे ने बिगाड़ी हिमाचल की तस्वीर- देश भर में दूसरे नंबर पर पहुंचा, रिपोर्ट में हुआ खुलासा
महिला को बचाने पहुंचे लोगों पर किया मधुमक्खियों ने हमला
कुछ ही पलों में मधुमक्खियों ने उन्हें पूरी तरह घेर लिया, जिससे वह जोर-जोर से चीखने लगीं। उनकी आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे कुछ लोग और ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े ताकि उन्हें बचाया जा सके। लेकिन जैसे ही लोग पास पहुंचे, मधुमक्खियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
हमले में पांच लोग घायल
देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई और हर कोई अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा। इस हमले में कुल 5 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल धर्मपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशे के सौदागरों पर बड़ा एक्शन- बार-बार तस्करी कर रहे थे 3 आरोपी, अब भेजे कंडा जेल
एम्स बिलासपुर किया रेफर
इनमें से तीन लोगों की हालत ठीक होने पर उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन बुजुर्ग महिला और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान एम्स बिलासपुर में महिला ने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन और ग्रामीण इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
मृतका की पहचान
मलका देवी उम्र 75 साल, पत्नी भादर सिंह, निवासी गांव बहरी
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को चल रही थी दोस्तों की पार्टी, मामूली बहस के बाद युवक को पत्थर से मा.रा, देह फेंक भागे
परिवार को दी फौरी राहत राशि
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हुआ। धर्मपुर प्रशासन की ओर से तहसीलदार प्रवीण शर्मा ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर उन्हें 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि दी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आगे भी हर संभव मदद की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
