मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां बस का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति की डंगे से गिरने के कारण मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
बस का इंतजार करते समय डंगे पर बैठना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, हादसा मंडी जिले के कलखर चौक पर बीते कल शुक्रवार दोपहर पेश आया है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति शुक्रवार दोपहर कलखर चौक के पास बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान ठंड से बचने के लिए वह सड़क किनारे बने डंगे पर बैठ गए। तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 20 फीट नीचे जा गिरे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया वीर सपूत : छुट्टी पर घर आए BSF जवान की मौ*त; पीछे छोड़ गए पत्नी और 3 बच्चे
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गोविंद राम (57) पुत्र स्वर्गीय जोधू राम निवासी गांव बैरा, तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं। जिस व्यक्ति को कुछ देर बाद बस में बैठकर अपने गंतव्य तक पहुंचना था, वह इस दर्दनाक हादसे के बाद दुनिया से चला गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। SP विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
यह भी पढ़ें : झाड़ियों में मिली लापता सतीश की देह, 24 घंटे से था गायब- सदमे में पूरा परिवार
मंडी में लगातार हो रहे हादसों ने बढ़ाई चिंता
मंडी जिले में लगातार सामने आ रहे हादसे लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क किनारे बने डंगों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कलखर चौक पर हुआ यह हादसा एक बार फिर सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को सामने लाता है। वहीं, गोविंद राम की मौत से गांव बैरा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
