कुल्लू। देशभर में आज रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर कहीं बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंच रही हैं तो कहीं भाई अपनी बहनों से मिलने जा रहे हैं। लेकिन इसी बीच हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां HRTC की एक बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार का माहौल बन गया।
ब्यासर से कुल्लू आ रही थी बस
जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। HRTC की बस ब्यासर से कुल्लू की तरफ आ रही थी। रास्ते में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने बस को रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन जब बस नहीं रुकी तो उसने बस को ढांक की ओर मोड़ दिया। बस ढांक से टकराई और वहीं रुक गई।
यह भी पढ़ें- रात के अंधेरे में चरस लेकर जा रहा था टेक चंद, साथी संग पुलिस ने किया अरेस्ट
हादसे में कई यात्री घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में मदद की। घायलों को इलाज के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
चालक की समझदारी से टला बड़ा हादसा
जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क के एक तरफ गहरी ढांक है। अगर बस ढांक से नीचे चली जाती तो हादसा काफी गंभीर हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। लेकिन चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और बस को ढांक से टकराकर रोक दिया। इससे बस खाई में जाने से बच गई और कई लोगों की जान बच गई।
यह भी पढ़ें- सेब के बगीचे में काम कर रहे व्यक्ति पर झपटा भालू, किया बूरा हाल
रक्षाबंधन के दिन हादसे से मची हलचल
रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हलचल मच गई। यात्रियों के परिजन भी अपने-अपने लोगों की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे। सभी घायलों की हालत और हादसे में घायल यात्रियों की सही संख्या की जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे की जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल घायलों का कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा किस वजह से हुआ और बस में उस समय कितने यात्री सवार थे, इसकी पूरी जानकारी संबंधित विभाग की ओर से सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल होने को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
