किन्नौर। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। अब ऐसा ही एक ताजा सड़क हादसा किन्नौर जिले में सामने आया है। यहां एक आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और सतलुज नदी में पहुंच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गहरी खाई में गिरी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला किन्नौर के टापरी पेट्रोल पंप के पास पेश आई है। यहां पर आज शनिवार एक आल्टो कार (एचपी 25ए-6113) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे सतलुज नदी में पहुंच गई। हादसे का पता लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल बुलाए पति-पत्नी को दे दिया नशा, बेसुध महिला से की नीचता; VIDEO बना किया वायरल
NDRF पुलिस और होमगार्ड ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। NDRF, पुलिस और होमगार्ड के जवान मिलकर राहत और बचाव का काम कर रहे हैं। घटनास्थल काफी दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नदी और आसपास के इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
कार में कितने लोग थे ?
प्रशासन की ओर से अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि हादसे के समय कार में कितने लोग सवार थे। किसी की पहचान को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बचाव दल सतलुज नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे कोई पुख्ता जानकारी मिलेगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सियासी भूचाल: विजिलेंस रडार पर एक और पूर्व MLA, इसने भी कांग्रेस छोड़ थामा था BJP का दामन
हादसा कैसे हुआ, जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार अनियंत्रित होकर सीधे सतलुज नदी में जा गिरी। हालांकि कार बेकाबू होने की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे को लेकर किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर भरोसा न करें। लोगों से केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने को कहा गया है। हादसे के बाद इलाके में चिंता का माहौल है और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
