चंबा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला जिला चंबा से सामने आया है, जहां एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप चालक 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
देर रात खाई में गिरी पिकअप, आवाज सुनकर दौड़े लोग
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिला चंबा के मंगला-द्रबला संपर्क मार्ग पर पेश आया है। यहां शनिवार रात युवक अपनी पिकअप लेकर मंगला से द्रबला की ओर जा रहे थे। द्रबला के पास पहुंचते ही अचानक गाड़ी से उनका नियंत्रण खो गया और पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ खुद भी बचाव कार्य शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: एक स्कूटी पर सवार थे तीन स्कूली छात्र, खड़े ट्रक से जा टकराए; बुझ गया एक घर का चिराग
अंधेरे में बचाव कार्य करना रहा मुश्किल
हादसा रात के समय हुआ, जिस वजह से मौके पर काफी अंधेरा था। ऐसे में खाई में गिरी गाड़ी तक पहुंचने और बचाव कार्य करने में स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने काफी कोशिश कर अजय कुमार को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
हादसे के बाद अजय कुमार को इलाज के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप ने बताया कि जब चालक को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बदला टैक्स सिस्टम, अब लगेगा 'अनाथ और विधवा उपकर' जानें कितना पड़ेगा जेब पर बोझ
डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हादसे में पिकअप चालक 29 वर्षीय अजय कुमार की मौत हो गई। अजय कुमार गांव परोंटा, डाकघर मंगला के रहने वाले थे।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद चंबा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा विजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर हादसे की जानकारी जुटाई है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद रविवार को शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में कैसे गिरी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिर में बवाल : पुजारी ने पहले कहे जातिसूचक शब्द, फिर डंडे से पी*टा, FIR दर्ज
परिजनों को मिलेगी फौरी राहत
स्थानीय प्रशासन ने भी हादसे की रिपोर्ट तैयार कर ली है। नियमों के अनुसार मृतक के परिवार को फौरी राहत देने की प्रक्रिया की जाएगी। अजय कुमार की मौत की खबर से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, मंगला और परोंटा क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
