चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालूंज मोड़ के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की खबर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया।

CM सुक्खू ने जिला प्रशासन को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाने और उनके बेहतर इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

बस में सवार थे करीब 18 लोग

 जानकारी के अनुसार, हादसा जिला चंबा के चुराह में बैरागढ़- चलूंज मोड़ के पास पेश आया है। यहां पर हादसे के समय बस में चालक और परिचालक समेत करीब 18 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि बस सड़क से अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुई।

हादसे में सात लोगों की मौत

हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत होने की खबर है। मृतकों में बस चालक और परिचालक के भी शामिल होने की जानकारी सामने आ रही है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।

यह भी पढ़ें-हिमाचल में सुबह सवेरे बड़ा हा*दसा : ढांक से गिरी निजी बस, 7 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- चीखों से दहला इलाका

मृतकों की पहचान 

  • जगदेव, उम्र 48 साल पुत्र धर्म सिंह, गांव बाहला
  • हरदेई  उम्र 45 साल, पत्नि जगदेव, गांव बाहला
  • देसराज, उम्र 33 साल, पुत्र त्रिलोचन, गांव बाहला
  • जगदेई, पुत्री हरि लाल, उम्र 24 साल, गांव बाहला
  • रूप सिंह, पुत्र राधा राम, गांव चिल्ली
  • तेज सिंह, उम्र 34 साल, पुत्र प्यारे लाल, गांव सत्यास
  • नीलमा उम्र 34 साल, पत्नी मोती सिंह, देवी कोठी निवासी के रूप में हुई है। 

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीम की मदद से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। हादसे में कुछ लोगों की हालत गंभीर होने की भी जानकारी सामने आ रही है।

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का बेरोजगारों के लिए तोहफा, निकाली सरकारी भर्ती- यहां क्लिक में जानें पूरी डिटेल

मौके पर जुटे लोग और बचाव दल

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। राहत-बचाव दल भी घटनास्थल पर जुटा हुआ है और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।