बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। कुल्लू-मनाली-चंडीगढ़ NH पर देहणी गांव के पास हरियाणा नंबर की एक निजी बस की सड़क किनारे ट्रक के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक परिवार उजड़ गया है।
बस की ट्रक से टक्कर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क से करीब 100 फीट दूर जाकर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया वीर जवान, 6 माह पहले पत्नी का हुआ था नि.धन; 3 बच्चे हो गए अनाथ
चीखों से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरा इलाका चीखों से दहल उठा। बस की जोरदार टक्कर से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत घायलों को बचाने के लिए मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों और नेशनल हाईवे से जुड़े कर्मचारियों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को भी तुरंत सूचना दी।
ढलान में बस हुई बेकाबू
मौके पर मौजूद लोगों और मोड़ा टोल प्लाजा से संबंधित कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि यह बस पहले मोड़ा टोल प्लाजा के पास खराब हो गई थी। चालक ने वहीं बस को हल्का-फुल्का ठीक करवाया और फिर उसे कीरतपुर साहिब की ओर ले जाने लगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश को तरसे लोग : चार जिलों में हीट-वेव का अलर्ट, जानें कब बदलेगा मौसम
खराब बस का बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि जब बस देहणी गांव के पास ढलान वाले हिस्से में पहुंची तो अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस तेजी से आगे बढ़ती हुई सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक संतुलन खोकर सड़क से काफी दूर जाकर पलट गया।
पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत
हादसे के दौरान सड़क के किनारे से गुजर रहा एक व्यक्ति भी बस की चपेट में आ गया। टक्कर की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : BREAKING : हिमाचल में 10वीं की छात्रा ने सतलुज नदी में लगा दी छलांग, तेज बहाव में हुई लापता
दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में दो अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही कीरतपुर साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ढलान में बस के बेकाबू होने से यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: कैबिनेट में पंचायत चुनाव पर बड़ा फैसला, अंशकालिक जल वाहक होंगे नियमित
कर्मचारियों ने लगाए कंपनी पर आरोप
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि कंपनी की ओर से उन्हें काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते।
काम करना जोखिम भरा
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें न तो सेफ्टी जैकेट दी जाती है और न ही सुरक्षा के लिए बूट दिए जाते हैं, जिसके कारण उन्हें सामान्य कपड़ों में ही सड़क किनारे काम करना पड़ता है।
इसके अलावा सिगल कंपनी की 1033 एंबुलेंस सेवा से जुड़े ड्राइवर और पैरामेडिकल स्टाफ ने भी दावा किया कि कंपनी की ओर से उन्हें पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में काम करना उनके लिए जोखिम भरा बन जाता है।
यह भी पढ़ें: 13 बसें - 35 गाड़ियां, 23.64 करोड़ के ठेके: हिमाचल के राज्यसभा उम्मीदवार पर कितना पैसा ?
लोगों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होना बेहद जरूरी है। उनका मानना है कि अगर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हों तो इस तरह के हादसों में जानमाल के नुकसान को कम किया जा सकता है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
