कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। नग्गर रोड स्थित फार्म क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई।
कार चालक ने कुचला राहगीर
आरोप है कि कार चालक ने पहले पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मारी। फिर घायल अवस्था में सड़क पर पड़े व्यक्ति के ऊपर दोबारा वाहन चढ़ाकर उसे बुरी तरह कुचल दिया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में गो.लीकांड कर इटली भाग रहा था 22 वर्षीय युवक, पुलिस ने घर से किया गिरफ्तार
पैदल जा रहा था रामकृष्ण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कल दोपहर करीब सवा बारह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर DL12CU0584 की एक कार तेज गति से क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान कार चालक ने पैदल चल रहे रामकृष्ण नामक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
कई फीट दूर जा गिरा
इस हादसे में रामकृष्ण करीब 25 फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे के बाद घायल व्यक्ति सड़क पर तड़प रहा था, लेकिन मदद करने के बजाय चालक ने जानबूझकर वाहन पीछे करते हुए दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दिया।
यह भी पढ़ें- MNC की नौकरी छोड़ हिमाचल आई अंकिता, जीता जिला परिषद चुनाव- मिले 10,939 वोट
मौके से भागा कार चालक
इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। गंभीर चोटों के कारण रामकृष्ण ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। मगर लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोक लिया।
लोगों ने दबोचा आरोपी
लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि कार में अन्य युवक और एक युवती भी सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस विधायक के गढ़ में BJP का क्लीन स्वीप- चारों जिला परिषद सीटों पर दर्ज की बड़ी जीत
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी 29 वर्षीय विक्रांत विज के रूप में हुई है। उसके खिलाफ BNS की धारा 105 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके।
कार में कितने लोग थे सवार?
जांच में पाया गया है कि कार में दो युवक और एक युवती सवार थी। ये तीनों लोग कार में तेज गाने चला रहे थे और सरेआम बियर पी रहे थे। नशे में धुत कार चालक की लापरवाही के कारण ये हादसा पेश आया है। उसने गलत दिशा में टर्न ले लिया और सही दिशा में पैदल जा रहे रामकृष्ण को अपनी चपेट में ले लिया।
