सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस पर मदद ना मिलने के गंभीर आरोप जड़े हैं।

गहरी खाई में गिरी कार

यह हादसा पच्छाद उपमंडल के डिगरी सरजेट गांव के पास उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, पुल के पास फोटो लेते खाई में गिरी युवती; मची चीख-पुकार

बारिश के कारण फिसली कार

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे डिगरी सरजेट गांव के कुछ लोग मढ़ीघाट से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी।

300 फीट गहरी खाई में गिरी

इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती में बदलाव : उम्र सीमा में 1 साल की छूट, आवेदन की तिथि भी बढ़ी

तीन लोग थे कार में सवार

दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल तीन लोग सवार थे। हादसे में तपेंद्र सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी डिगरी सरजेट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अन्य घायलों के साथ उपचार के लिए सिविल अस्पताल सराहां ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पति की मौत, पत्नी घायल

हादसे में मृतक की पत्नी प्रभा देवी भी घायल हुई है और उसका उपचार सिविल अस्पताल सराहां में जारी है। वहीं कार चला रहे तपेंद्र सिंह के जीजा बलवंत सिंह निवासी मरयोग की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के अस्पतालों में अब लोकेशन ट्रैक कर लगेगी डॉक्टरों की हाजिरी, गायब हुए तो होगा एक्शन

ग्रामीणों ने लगाए 108 सेवा पर आरोप

हादसे के बाद ग्रामीणों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा 108 एंबुलेंस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही कई बार 108 सेवा पर फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।

एंबुलेंस ड्राइवर ने आने से किया मना

उनका कहना है कि एंबुलेंस चालक ने दुर्घटनास्थल तक आने से मना कर दिया। ग्रामीणों का दावा है कि अगर समय पर एम्बुलेंस पहुंच जाती और घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो संभवतः एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकती थी। मजबूर होकर स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों में घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेखौफ बदमाश : दिनदहाड़े पि*स्तौल दिखाकर दंपति से लूटा सोना, महिला को किया....

पुलिस ने शुरू की जांच

SP सिरमौर निश्चित सिंह ने बताया कि कार दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। लगातार खराब मौसम और बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित

विदित रहे कि, सिरमौर जिले में मंगलवार तड़के से ही तेज बारिश का दौर जारी है। भारी वर्षा के कारण जिले में 34 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है और प्रशासन सड़कें बहाल करने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें