देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मंदिर में दर्शन कर लौट रहे एक पंचायत समिति सदस्य की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख.पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे  में पंचायत समिति सदस्य, उनकी पत्नी और बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चुनाव जीतने के बाद परिवार संग पहुंचे थे मंदिर

जानकारी के अनुसार हरिपुर क्षेत्र से हाल ही में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए राकेश कुमार अपने परिवार के साथ ऊना स्थित प्रसिद्ध पीर निगाह धार्मिक स्थल में माथा टेकने गए थे। परिवार दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान देहरा उपमंडल के अप्पर कलोहा क्षेत्र में उनकी कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई।

 

यह भी पढ़ें : जयराम सरकार ने 'रसूखदारों' को बांट दिए गरीबों के 171 करोड़, बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा; CM सुक्खू ने बैठाई जांच

खाई में गिरते ही मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार के खाई में गिरते ही जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। दुर्घटना के बाद वाहन में फंसे लोगों की चीखें सुनकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की लॉटरी के नियम तैयार, 3 माह में पहला ड्रा; 5 करोड़ के इनाम को कितने में मिलेगा टिकट

पत्नी की हालत गंभीर, टांडा रेफर

घायलों को पहले गरली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान पंचायत समिति सदस्य की पत्नी की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया गया। वहीं राकेश कुमार और बच्चों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पति-सास और ननद करते थे परेशान, सह नहीं पाई शालू- बंद कमरे में खत्म कर ली जिंदगी

क्षेत्र में चिंता का माहौल

हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। राकेश कुमार हरिपुर वार्ड-19 से पंचायत समिति सदस्य चुने गए हैं और इससे पहले ग्राम पंचायत हरिपुर के प्रधान भी रह चुके हैं। उनके दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही समर्थक, रिश्तेदार और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचने लगे।

 

यह भी पढ़ें : कूड़ा नहीं बनेगा बोझ! हिमाचल में प्लास्टिक के कचरे से बनेंगी सड़कें- सरकार ने जारी किए नए नियम

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें