मोहाली/कांगड़ा। चंडीगढ़ से सटे मोहाली के जीरकपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हिमाचल प्रदेश के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में हिमाचल की रहने वाली महिला देविंदर कौर की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी बहन के साथ ढकोली इलाके में ढाबा चलाती थीं और पास ही स्थित अपने होटल का काम भी संभालती थीं। देर रात ढाबा बंद करने के बाद वह पैदल होटल की ओर जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कार के बोनट पर जा गिरीं और हवा में उछलने के बाद सड़क पर आ गिरीं। इसके बाद वह कई पलटियां खाते हुए करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं। 

ढाबा बंद करके होटल की तरफ निकली थीं देविंदर कौर

बताया जा रहा है कि देविंदर कौर अपनी बहन प्रीति के साथ जीरकपुर के ढकोली क्षेत्र में 'पिंड पंजाबी ढाबा' चलाती थीं। ढाबे के सामने ही एन्क्लेव में उनका 'पाकीजा होटल' भी है। 22 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे देविंदर कौर ढाबा बंद करने के बाद पैदल होटल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते वक्त एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत महिला की मदद के लिए दौड़े।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बाप-बेटे का कारनामा: फर्जी बिलों से हड़प ली लाखों की सरकारी सब्सिड़ी, 3 पर केस दर्ज

हवा में उछलीं, फिर 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती रहीं

हादसे से जुड़ा करीब 17 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हाईवे पर वाहन गुजरते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक कार तेज गति से आती है और सड़क पर जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर लगते ही देविंदर कौर कार के बोनट पर जा गिरती हैं और जोरदार झटके के कारण हवा में उछल जाती हैं। इसके बाद वह सड़क पर गिरती हैं और कई बार पलटियां खाते हुए करीब 20 मीटर तक घिसटती चली जाती हैं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचते हैं। महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन के दिन फेल हुआ HRTC बस का ब्रेक: कई यात्री थे सवार- मची चीख-पुकार

शरीर की कई हड्डियां टूटने से हुई मौत

परिजनों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि देविंदर कौर के शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं। परिवार का आरोप है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। 

हादसे के बाद भागने लगा चालक, लोगों ने पकड़ा

हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ वाहन की गति, चालक की भूमिका और घटनास्थल से सामने आए वीडियो सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, बेटे के सामने पिता ने तोड़ दम

कांगड़ा के जलाड़ी से था देविंदर कौर का नाता

देविंदर कौर मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जलाड़ी की रहने वाली थीं। वह मदन सिंह की बेटी थीं। रोजगार के सिलसिले में वह जीरकपुर में रह रही थीं और अपनी बहन के साथ मिलकर ढाबा व होटल का काम संभाल रही थीं। परिवार के अनुसार देविंदर कौर के दो बच्चे हैं। उनकी 15 वर्षीय बेटी मंजोत और 9 वर्षीय बेटा प्रभनूर है। मां की अचानक मौत के बाद दोनों बच्चों समेत पूरा परिवार सदमे में है।

एक हादसे ने परिवार की पूरी जिंदगी बदल दी

जिस रात देविंदर कौर रोज की तरह अपना काम खत्म कर होटल की ओर जा रही थीं, शायद परिवार ने भी नहीं सोचा होगा कि कुछ ही देर में उनके पास ऐसी खबर पहुंचेगी जो पूरी जिंदगी का दर्द बन जाएगी। सड़क पर हुई एक तेज टक्कर ने न केवल एक महिला की जान ले ली, बल्कि पीछे परिवार और छोटे बच्चों को गहरे सदमे में छोड़ दिया। अब परिजन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, सामने आए हादसे के वीडियो ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें