देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां दोस्तों के साथ हिमाचल घूमने आए पंजाब के एक 19 साल के युवक की ब्यास नदी में डूबने से मौत हो गई है। परिवार ने जिस बेटे को हिमाचल घूमने भेजा था, अब उन्हें उसी बेटे की यहां से लाश लेकर जाना पड़ेगा। इस खबर को सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

पंजाब से आठ दोस्त आए थे घूमने

मिली जानकारी के अनुसार पंजाब से करीब आठ दोस्त हिमाचल के कांगड़ा जिला के पुलिस जिला देहरा में स्थित ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे थे। मंदिर आए यह युवक ब्यास नदी में नहाने उतर गए। इस दौरान उनमें से एक 19 वर्षीय युवक गहरे पानी में पहुंच गया और देखते ही देखते वह डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे ने कुछ ही पलों में दोस्तों की खुशियों को मातम में बदल दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भीषण गर्मी का कहर: 43 डिग्री पहुंचा पारा, अगले 72 घंटे हीट वेव का अलर्ट

घूमने और दर्शन करने पहुंचे थे युवक

जानकारी के अनुसार पंजाब के कपूरथला जिले के भगतपुरा क्षेत्र का रहने वाला 19 वर्षीय विशाल अपने आठ दोस्तों के साथ हिमाचल घूमने आया था। सभी युवक कालेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने के बाद आसपास के प्राकृतिक स्थलों का आनंद ले रहे थे। गर्मी अधिक होने के कारण युवकों ने ब्यास नदी में उतरकर नहाने का फैसला किया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था और सभी दोस्त नदी किनारे मस्ती कर रहे थे।

एक पल में बदल गई पूरी तस्वीर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी के जिस हिस्से में युवक उतरे थे वहां कुछ स्थानों पर पानी कम था। विशाल नदी पार कर दूसरी ओर पहुंच गया, लेकिन वापस लौटते समय वह गहरे पानी वाले हिस्से में पहुंच गया। अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद वह पानी में डूबने लगा। साथी युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार के फरमान पर हाईकोर्ट का हथौड़ा, तबादले के खिलाफ कोर्ट जाने से रोकने पर लगाई फटकार

दोस्तों की चीख.पुकार से जुटे स्थानीय लोग

विशाल को डूबता देख उसके दोस्तों में अफरा.तफरी मच गई। सभी ने मदद के लिए जोर-जोर से आवाजें लगाईं। शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने जब उसकी हालत देखी तो हर कोई स्तब्ध रह गया।

खुशियों का सफर बन गया दुखद याद

यह यात्रा दोस्तों के लिए यादगार बनने वाली थी, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने सब कुछ बदल दिया। कुछ घंटे पहले तक जो दोस्त साथ बैठकर घूमने और घर लौटने की योजनाएं बना रहे थे, अब वे गहरे सदमे में हैं। साथियों का कहना है कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि विशाल अब उनके बीच नहीं रहा। जिस दोस्त के साथ वे हंसते.मुस्कुराते हुए हिमाचल पहुंचे थे, अब उसकी यादें और उसकी पार्थिव देह ही उनके साथ वापस जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने नेता की सिफारिश पर कर दिया कर्मचारी का तबादला, हाईकोर्ट ने किया रद्द; टिप्पणी भी की

पुलिस ने पूरी की कानूनी प्रक्रिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को अस्पताल ले जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। इसके बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी, झील और अन्य जल स्रोतों में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें तथा गहराई और बहाव का सही अंदाजा लगाए बिना पानी में जाने से बचें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 150 फीट गहरी खाई में गिरा कार, युवती ने तोड़ा दम; चार घायल- सभी एक ही परिवार के सदस्य

परिवार में पसरा मातम

युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं। एक साधारण सैर.सपाटे के लिए निकला बेटा अब कभी वापस नहीं लौटेगा, इस सच्चाई को स्वीकार करना परिवार के लिए बेहद मुश्किल हो रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह याद दिलाया है कि प्राकृतिक स्थलों की सुंदरता के बीच थोड़ी सी लापरवाही भी कभी.कभी जीवन पर भारी पड़ सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें