शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के बाद ठंड बढ़ गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में अभी भी दिन के समय धूप खिल रही है। मनाली, रोहतांग दर्रा और लाहुल-स्पीति की पहाड़ियों पर बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। वहीं, दिवाली का त्योहार भी नजदीक है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा? क्या दिवाली पर बारिश होगी या मौसम साफ बना रहेगा? मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इसे लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।
तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं, रातें अभी भी सामान्य से गर्म
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, ज्यादातर इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। यानी सुबह और रात के समय भी अभी उतनी ठंड नहीं पड़ रही है, जितनी आमतौर पर इस मौसम में पड़ती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम
मनाली और लाहुल में बढ़ी ठंड, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी
मनाली की ऊंची पहाड़ियों के साथ रोहतांग दर्रा, बारालाचा और शिंकुला में बर्फबारी हुई है। इसके बाद मनाली और लाहुल घाटी में ठंड बढ़ गई है। वहीं, रोहतांग दर्रे पर पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी का खूब आनंद लिया। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से यहां का मौसम काफी ठंडा हो गया है।
कुकुमसेरी में माइनस में पहुंचा तापमान, ऊना सबसे गर्म
प्रदेश के मैदानी इलाकों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। ऊना में सबसे ज्यादा 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में रात का तापमान गिरकर माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। शिमला में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 37 साल से मंदिर में चल रहा स्कूल, सर्दी-गर्मी, बरसात में भी बरामदे में पढ़ने को मजबूर 31 मासूम
सुंदरनगर में सुबह छाया कोहरा, धूप निकलने से सुहाना हुआ मौसम
सुंदरनगर में सोमवार सुबह मध्यम कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी यानी देखने की दूरी घटकर करीब 200 मीटर रह गई थी। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकल आई और मौसम सुहाना हो गया।
