#यूटिलिटी
October 29, 2026
हिमाचल में पांच दिन बारिश-बर्फबारी : तेज आंधी-तूफान के साथ बरसेंगे बादल, 6 जिलों में अलर्ट
6 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में करीब दो सप्ताह बाद मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। वहीं, आज और कल यानी दो दिनों के लिए 6 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते अगले चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे पहाड़ों में ठंड और बढ़ेगी।
शिमला, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के कई इलाकों में सुबह से हल्की बारिश हो रही है। वहीं, शिमला में कुछ देर के लिए तेज तूफान भी चला। मौसम बदलने से पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के छह जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। ताजा मौसम बुलेटिन के मुताबिक, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर में 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिम में कसरत कर रहा था टीचर, अचानक पड़ा दिल का दौरा- हुई मौ**त
प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान 5 से 7 डिग्री तक गिर सकता है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा ऐलान : करवा चौथ पर महिलाओं के साथ पुरुषों को भी छुट्टी- स्कूल-कॉलेज भी बंद
मौसम विभाग के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, 1 और 2 नवंबर को मौसम खराब रहने की संभावना मुख्य रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में है। इसके बाद 3 नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ होने का अनुमान है।
मौसम में बदलाव के बावजूद बुधवार तक प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा यानी 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका- 3,950 पदों पर होगी भर्ती, यहां जानें पूरी डिटेल
वहीं, राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। यहां अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है।