शिमला। हिमाचल प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सामान्य तौर पर इस समय जहां पहाड़ी इलाकों में हल्की ठंड और सुहावना मौसम रहता है, वहीं इस बार कई जिलों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है।

हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के तीन जिलों कुल्लू, मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में आज लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को दिन के समय तेज धूप से बचने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नदी में पत्थरों के बीच मिला युवक, थम गई थी सांसें; 3 मोबाइल-जुराब में मिली चिट्टे की खेप

सावधानी बरतने की हिदायत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में अचानक हुई इस बढ़ोतरी का असर सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ सकता है। इसलिए इन वर्गों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों से पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय घर के अंदर रहने की सलाह दी है।

सामान्य से काफी अधिक हुआ तापमान

प्रदेश के अधिकांश शहरों में इन दिनों तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी लगभग 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवक ने किशोरी को प्रेम जाल में फांस किया मुंह काला, पत्नी बताकर लाया अस्पताल; खुली पोल

पहाड़ों की रानी शिमला भी गर्म

राजधानी शिमला में भी मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया है। आमतौर पर 6 मार्च के आसपास शिमला का अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग है। यहां न्यूनतम तापमान ही 15.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। वहीं अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब 10.1 डिग्री अधिक दर्ज करते हुए 25.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

11 शहरों में पारा 30 डिग्री से ऊपर

प्रदेश के करीब 11 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा तापमान ऊना में दर्ज किया गया, जहां पारा 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह स्थिति मार्च के शुरुआती दिनों के लिहाज से काफी असामान्य मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: टूट गई दो दोस्तों की यारी, डिवाइडर से टकराई बाइक; एक की थम गईं सांसें

आज बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने की संभावना जताई गई है।

 

विभाग का अनुमान है कि 8 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि, 9 मार्च को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते 11 और 12 मार्च को हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल को मिले नए राज्यपाल: 13 महीने जेल में रहे, RSS से नाता- जानें कौन हैं कविंदर गुप्ता?

आसमान पर टिकी नजरें

मौसम विभाग का कहना है कि अगर बारिश होती है तो तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल विभाग ने लोगों से मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें