शिमला। हिमाचल प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज यानी 6 फरवरी को भी प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
चार जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी जिले के निचले क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के चलते दृश्यता कम रहने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को सुबह करीब 10 बजे तक बेहद सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें : जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र का हाल : बर्फ में 15KM पैदल चल ग्रामीणों ने मरीज को पहुंचाया अस्पताल
लगातार पड़ रहा कोहरा
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरे की वजह से रात और सुबह के समय ठंड में और अधिक बढ़ोतरी हो रही है। इन जिलों में बीते तीन दिनों से लगातार कोहरा पड़ रहा है, जिसका सीधा असर न्यूनतम तापमान पर देखने को मिल रहा है।
कड़ाके की ठंड पड़ रही
हालात ऐसे हैं कि मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और सोलन जैसे जिले रात के समय राजधानी शिमला से भी अधिक ठंडे रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। इससे लोगों को सुबह और देर रात के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : खाई में गिरी बाइक, दो सगे भाई थे सवार- बड़े ने छोटे की आंखों सामने तोड़ा दम
दिन गर्म, रातें ठंडी
प्रदेश में दिन के समय भले ही बीते चार दिनों से अच्छी धूप खिल रही हो, लेकिन इसका असर केवल अधिकतम तापमान पर ही पड़ रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल के 14 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे दर्ज किया गया है। धूप के कारण दिन में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, मगर कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान में सुधार नहीं हो पा रहा है।
कब से बदलेगा मौसम?
आने वाले दिनों के मौसम को लेकर भी मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 8 फरवरी तक प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहेगा और धूप खिलने की संभावना है। हालांकि, 9 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू से बोले अनुराग ठाकुर: आप आईए हम मदद के लिए तैयार, साथ चलेंगे वित्त मंत्रालय
फिर होगी बर्फबारी
इसके प्रभाव से चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। अन्य इलाकों में इस दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है।
कब होगी बारिश-बर्फबारी?
वहीं, 10 और 11 फरवरी को प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन दो दिनों के दौरान हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इससे एक बार फिर ठंड में इजाफा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दरकी पहाड़ी : घरों पर गिरी बड़ी-बड़ी चट्टानें और मलबा, चीखों से दहला इलाका
सावधानी बरतें लोग
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे और संभावित बारिश-बर्फबारी को देखते हुए सतर्क रहें, खासकर वाहन चालक सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
