#विविध
February 5, 2026
हिमाचल में दरकी पहाड़ी : घरों पर गिरी बड़ी-बड़ी चट्टानें और मलबा, चीखों से दहला इलाका
मौसम साफ, फिर भी आई आफत
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर जमीन धंसने और पहाड़ दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक डराने वाला मामला जिला कुल्लू से सामने आया है। यहां पहनाला क्षेत्र में अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गांव की ओर आ गिरा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
बता दें कि कुल्लू जिले में उस समय गांव में अफरा-तफरी मच गई जब पहनाला इलाके में अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। देखते ही देखते भारी मात्रा में मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें लुढ़कते हुए गांव की ओर आ गिरीं। पहाड़ी के टूटते ही चारों तरफ धूल का ऐसा गुबार उठा कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका धुंध में ढक गया। इस नजारे को देखकर गांव के लोगों डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने या किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, पहाड़ी से लगातार रुक-रुक कर पत्थर गिरते रहने के कारण गांव के लोग काफी डरे हुए हैं। कई लोगों ने बताया कि अचानक जोरदार आवाज आई और फिर मलबा नीचे गिरने लगा, जिससे कुछ पल के लिए ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा हादसा हो जाएगा।
हैरानी की बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी हुई थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह साफ हो चुका है। गुरुवार को पूरे इलाके में तेज धूप खिली हुई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और बर्फबारी के बाद जमीन में काफी नमी आ गई थी। जैसे ही अचानक गर्मी बढ़ी, मिट्टी ढीली हो गई और इसी वजह से पहाड़ी दरक गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने गांव के लोगों को सलाह दी है कि वे फिलहाल पहाड़ी के पास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए प्रशासन तैयार रहने की बात कह रहा है।