#राजनीति
February 5, 2026
CM सुक्खू से बोले अनुराग ठाकुर: आप आईए हम मदद के लिए तैयार, साथ चलेंगे वित्त मंत्रालय
समाधान की दिशा में कदम उठाए सरकार- बोले अनुराग
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को खुला संदेश दिया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर प्रदेश की सुक्खू सरकार को आर्थिक मदद चाहिए तो वे खुद आगे आकर सहयोग के लिए तैयार हैं। अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आप आईए, हम आपके साथ चलेंगे। वित्त मंत्रालय तक साथ चलने के लिए तैयार हैं।
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार द्वारा लिए जा रहे कर्ज और उस पर लगने वाली ऊंची ब्याज दरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने हिमाचल को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर पहले ही भारी वित्तीय दबाव है, इसके बावजूद सरकार ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज लेकर हालात और खराब कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर केंद्र से बातचीत करने में किसी तरह की राजनीतिक झिझक या असमर्थता है, तो वे स्वयं इस प्रक्रिया में साथ चलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हमें राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल के हित के बारे में सोचना चाहिए। हमें तो अपना हिमाचल प्या है।
अनुराग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिए केंद्र को दोष देती रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि राज्य सरकार की नीतियां ही हालात को बिगाड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले भी हिमाचल की हर संभव मदद की है और आगे भी सहयोग के दरवाजे खुले हैं, बशर्ते राज्य सरकार ईमानदारी से प्रयास करे।
अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों और आम जनता पर आर्थिक संकट का सीधा असर पड़ रहा है। विकास कार्य ठप हो रहे हैं और योजनाएं अधर में लटकी हुई हैं। ऐसे में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर समाधान की दिशा में कदम उठाना जरूरी है।
उन्होंने अंत में मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता उम्मीद लगाए बैठी है और अब सरकार को सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने होंगे। हिमाचल के भविष्य के लिए हम हर स्तर पर सहयोग के लिए तैयार है।
उन्होंने दोहराया कि आप आईए हम आपके साथ चलते हैं। ये जो आपने कर्ज ज्यादा ब्याज दर पर ले रखा है। उस ज्यादा ब्याज दर वाले कर्ज को कैसे कम दर वाला कर्ज बनाया जाए। कैसे आपका बोझ कम किया जाए। कैसे हिमाचल का कम बोझ किया जाए। भारत के वित्त मंत्रालय के पास हम आपके साथ जाएंगे।