शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज को प्रदेश के छह जिलों के लिए आंधी और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की नई व्यवस्था : बेरोजगारों को 6 महीने की नौकरी, रोज मिलेंगे 1500 रुपये
3 दिन तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम पूरी तरह सक्रिय रहेगा। 26 से 29 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
वहीं 30 जून से एक नया और मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 30 जून और 1 जुलाई को प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : पंचतत्व में विलीन हुआ शहीद, श्रीनगर में ऑन ड्यूटी तोड़ा दम- 2 बच्चे मां के भरोसे
मानसून का इंतजार अभी जारी
हिमाचल में मानसून की दस्तक फिलहाल टलती नजर आ रही है। प्रदेश में मानसून पहले ही करीब पांच दिन की देरी से चल रहा है और मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक इसके पहुंचने की संभावना भी कम है। इससे पहले भी कई वर्षों में मानसून जुलाई के पहले या दूसरे सप्ताह में प्रदेश पहुंचा है। वर्ष 2010 में तो मानसून ने 10 जुलाई को हिमाचल में प्रवेश किया था।
तापमान में आई गिरावट, मौसम हुआ सुहावना
बीते एक सप्ताह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री कम होकर 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और म*र्डर: गला रे.त कर मौ*त के घाट उतारा 45 वर्षीय लोहार; पुलिस जांच में जुटी
कांगड़ा में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री, मनाली में 25.2 डिग्री और सोलन में 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है।
जून में अब तक सामान्य से कम बरसे बादल
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से कम वर्षा हुई है। 1 से 25 जून के बीच जहां सामान्य तौर पर 75.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज होती है, वहीं इस वर्ष अब तक केवल 55 मिलीमीटर वर्षा हुई है। यानी जून में अब तक करीब 27 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
